गंगरेल मड़ई में धमतरी पुलिस का चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम, ड्रोन कैमरे से हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पर रखी गई पैनी नजर
सुरक्षा के साथ संवेदना की मिसाल: भीड़ में बिछड़े बच्चों को धमतरी पुलिस ने तत्परता से परिजनों से मिलवाया

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में गंगरेल मड़ई एवं मातर मड़ई शांतिपूर्ण संपन्न, कंट्रोल रूम से लेकर मैदानी स्तर तक रही सतत निगरानी
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में गंगरेल मड़ई के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक एवं सुनियोजित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। गंगरेल मड़ई में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के आगमन को देखते हुए संपूर्ण मेला परिसर, आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस द्वारा सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं सुगम यातायात के लिए प्रभावी प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो सका।
मेला परिसर में उमड़ने वाली हजारों की भीड़ की प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे के माध्यम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की गई। इसके जरिए मेला स्थल, पार्किंग क्षेत्र एवं प्रमुख मार्गों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। तकनीकी निगरानी एवं मैदानी पुलिस बल के बेहतर समन्वय से भीड़ की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा गया तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में मदद मिली।
गंगरेल मड़ई के दौरान धमतरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी उत्कृष्ट परिचय दिया। मेला परिसर में भीड़ के बीच कुछ बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए थे, जिन्हें पुलिस जवानों ने तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रयासों के बाद उनके परिजनों से मिलवाया। अपनों से पुनः मिलकर बच्चों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर लौटी खुशी पुलिस की सेवा भावना और मानवीय प्रतिबद्धता का उदाहरण बनी। पुलिस की इस पहल की उपस्थित नागरिकों द्वारा सराहना की गई।
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय द्वारा कंट्रोल रूम धमतरी के माध्यम से मेला परिसर की भीड़, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाती रही। वहीं राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से मेला स्थल का निरीक्षण एवं पेट्रोलिंग कर मैदानी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों एवं जवानों के बीच बेहतर समन्वय के साथ संपूर्ण आयोजन के दौरान सतत निगरानी बनाए रखी गई, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल एवं प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के दौरान भी धमतरी पुलिस द्वारा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग की गई। पुलिस की सतर्कता, मुस्तैदी एवं बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप गंगरेल मड़ई सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुए तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हुई।
धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंधन, आधुनिक तकनीक के उपयोग, सतत मैदानी निगरानी एवं मानवीय संवेदनशीलता के साथ यह सुनिश्चित किया गया कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजनों में शामिल हो सकें। धमतरी पुलिस की इस सक्रियता एवं सेवा भावना को आम नागरिकों द्वारा सराहा गया।