सांकरा मोड़ के पास राहगीर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले दो आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
फल खरीदने रुके युवक से 10,000 की लूट का खुलासा, 3,700 रूपये नगदी एवं वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त

पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए राहगीर से मारपीट कर नकदी लूटने वाले दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है
प्रार्थी शीतल कुमार साहू, 28 वर्ष, निवासी ग्राम गातापार, थाना भखारा, दिनांक 13.11.2026 को दोपहर लगभग 12:20 बजे अपने घर से 10,000 रूपये नगद लेकर अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 05 ए पी 2084 से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
इसी दौरान दोपहर करीब 01:20 बजे ग्राम सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके। तभी ग्राम सांकरा की ओर से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए डराया-धमकाया तथा उनकी जेब से 10,000 रूपये नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं एटीएम कार्ड रखे पर्स को जबरन लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना अर्जुनी में तत्काल अपराध क्रमांक 187/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार थाना अर्जुनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। घटना के समय प्रार्थी द्वारा आरोपियों की मोटरसाइकिल का नोट किया गया नंबर सीजी 05 ए यू 8630 एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू एवं संदीप सोरी उर्फ विनय को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूट की 10,000 रूपये की रकम आपस में 5,000-5,000 रूपये बांट ली थी तथा पर्स में रखे दस्तावेजों सहित पर्स को फेंक दिया था। लूटी गई रकम में से कुछ राशि खाने-पीने में खर्च कर दी गई थी।गिरफ्तार आरोपियों नितिन साहू पिता कबीर दास साहू, 25 वर्ष, निवासी ग्राम सांकरा, संदीप सोरी उर्फ विनय पिता महेश सोरी, 18 वर्ष 03 माह, निवासी ग्राम सांकरा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी शामिल है.
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 14.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
