Uncategorized

दही हांडी महोत्सव की सफलता से उत्साहित महापौर रोहरा, बोले- अगले साल और भव्य होगा आयोजन

धमतरी। नगर घड़ी चौक में आयोजित दही हांडी महोत्सव को मिली व्यापक जनभागीदारी से उत्साहित महापौर रामू रोहरा ने आयोजन की सफलता पर सर्व हिन्दू समाज, श्रीराम हिन्दू संगठन, नगर निगम परिवार सहित शहरवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धमतरीवासियों ने उत्साह और एकजुटता के साथ आयोजन में भाग लेकर शहर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का परिचय दिया है।

महापौर रोहरा ने कहा कि दही हांडी महोत्सव को जिस तरह से शहरवासियों का समर्थन मिला है, उससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर धमतरी में सकारात्मक माहौल का पता चलता है। इसी उत्साह को आगे बढ़ाते हुए अगले वर्ष दही हांडी महोत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। आयोजन में शहर के सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को हमारी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं से प्रेम, सहयोग, कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

महापौर ने आयोजन की सफलता के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं एवं नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि जनभागीदारी ही किसी भी आयोजन की सफलता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी सकारात्मक पहल करता रहेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!