Uncategorized

गणेश पंडाल में ज्वलनशील पदार्थ रखना रहेगा प्रतिबंधित- रागिनी मिश्रा

कुरूद में गणेश उत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, सुरक्षा और परंपरा दोनों का होगा समन्वय


धमतरी। आगामी श्री गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं परंपरागत गरिमा के साथ मनाने के उद्देश्य से कुरूद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर के आह्वान पर नगर की समस्त गणेश उत्सव समितियों की संयुक्त बैठक गुरुवार को थाना परिसर के समीप स्थित महेश्वरी भवन में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रागनी मिश्रा ने समितियों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन एवं प्रशासनिक निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा सर्वोपरि है। पंडाल में ज्वलनशील पदार्थ रखना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा, वैध बिजली कनेक्शन, फायर सेफ्टी उपकरण, एमरजेंसी लाइट एवं निकासी द्वार की व्यवस्था अनिवार्य है। सभी पंडालों में पुलिस कंट्रोल रूम, थाना एवं डायल-112 के नंबर प्रदर्शित किए जाएं। यातायात बाधित न हो, धार्मिक भावना आहत न हो और रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्णत: बंद रहेगा। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि एवं एल्डरमैन भानु चंद्राकर ने कहा कि कुरूद के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में परंपराओं का उचित निर्वहन और निरंतरता बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए प्रत्येक पंडाल में सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरों की स्थापना अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने आगे कहा कि उत्सव की सफलता समिति समन्वय और अनुशासन पर निर्भर है। इसके लिए समिति के पदाधिकारियों द्वारा सक्रिय निगरानी रखी जाए, किसी भी समस्या के त्वरित समाधान हेतु एक विशेष टीम का गठन किया जाए और शासन-प्रशासन के सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने सभी समितियों से समय-सीमा में अनुमति प्राप्त कर निर्धारित स्थल पर ही प्रतिमा स्थापना करने की अपील की। बैठक में प्रमुख रूप से तहसीलदार सूरज सिंह बंछोर, नायब तहसीलदार छत्रपाल चंद्राकर, कुरूद प्रेस क्लब के वरिष्ठ अध्यक्ष मूलचंद सिन्हा, प्रेस क्लब कुरूद अध्यक्ष श्रवण साहू, एसआई गणेश खूँट आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!