भाजपा ने 13 मंडलों के मीडिया प्रभारियों की घोषणा की, संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी
डॉ. किरण बघेल, प्रकाश बैस, राकेश साहू, महेंद्र पंडित एवं उमेश साहू की अनुशंसा पर नियुक्ति
धमतरी- भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी द्वारा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी 13 मंडलों के लिए मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति भाजपा जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, जिला महामंत्री राकेश साहू, महेंद्र पंडित तथा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू की अनुशंसा पर की गई है।
जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित संगठन है और संगठन की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने सभी नव नियुक्त मीडिया प्रभारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे मंडल स्तर पर पार्टी और सरकार के सकारात्मक कार्यों को प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
जिला प्रभारी डॉ. किरण बघेल ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा देश में सबसे मजबूत है। मंडल स्तर पर मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति से संगठन और आमजन के बीच संवाद और अधिक सशक्त होगा तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी।
जिला महामंत्री राकेश साहू एवं महेंद्र पंडित ने कहा कि वर्तमान समय सूचना एवं संवाद का युग है। ऐसे में मंडल मीडिया प्रभारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। सभी नियुक्त कार्यकर्ता संगठन की रीति-नीति और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि सभी मंडल मीडिया प्रभारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे वे संगठन के मीडिया तंत्र को और अधिक प्रभावी बना सकें।
भाजपा जिला संगठन द्वारा धमतरी शहर मंडल के लिए विशाल त्रिवेदी, आमदी मंडल के लिए राघवेंद्र साहू, रावां मंडल के लिए छत्रपाल साहू, भोंथली मंडल के लिए चंद्रप्रकाश सिन्हा, गंगरेल मंडल के लिए दुष्यंत सिन्हा, कुरूद मंडल के लिए प्रवीण रेड्डी, भखारा मंडल के लिए योगेश धीवर, सिर्री मंडल के लिए शुभम बघेल, मेघा मंडल के लिए खिलेश्वर साहू, नगरी मंडल के लिए राजशेखर नायर, मगरलोड मंडल के लिए लेखराम साहू, बेलरगांव मंडल के लिए उमेश दीवान तथा कुकरेल मंडल के लिए वरण ध्रुव को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन ने सभी नव नियुक्त मीडिया प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे पार्टी की विचारधारा, संगठन के कार्यक्रमों एवं सरकार की जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपना योगदान देंगे।
