दीपावली पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट रही धमतरी पुलिस, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात
बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग, वन-वे एवं पार्किंग व्यवस्था से यातायात का किया गया सुचारू संचालन

धमतरी। दीपावली पर्व के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट और मुस्तैद नजर आई। त्योहार के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए, वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और परिवार के साथ बाजार पहुंचने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी धमतरी सहित सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं दीपावली के दौरान बाजारों में जाम की स्थिति निर्मित न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पूर्व निर्धारित वन-वे व्यवस्था एवं पार्किंग स्थलों को प्रभावी रूप से लागू किया गया। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई, जिससे वाहनों का आवागमन सुचारू बना रहे।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
धमतरी पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहा है। आम नागरिकों के सहयोग से ही शहर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित दीपावली का माहौल बनाए रखा जा सकता है।