नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और उप नेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र देवांगन ने दी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की बधाई

धमतरी। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और उप नेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र (विशु) देवांगन ने क्षेत्र वासियों सहित समस्त नगर वासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपों का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और नई रोशनी लेकर आए। दोनों नेताओं ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। इस पावन अवसर पर उन्होंने कामना की है कि माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से सभी के घरों में धन-धान्य की वृद्धि हो, व्यापार में उन्नति हो और परिवार में सुख-शांति बनी रहे।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति, गौ माता और पर्यावरण के प्रति हमारी आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक है। हमें अपने पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए और गौ सेवा के लिए सदैव आगे रहना चाहिए। वहीं भाई दूज का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है।
दीपक सोनकर और सत्येंद्र देवांगन ने नगरवासियों से अपील की है कि सभी पर्वों को आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द्र और एकता के साथ मनाएं। समाज में सभी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें और एकता की भावना को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शहर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। पटाखों का उपयोग करते समय सावधानी बरतें, बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि वे भी खुशी और उत्साह के साथ त्योहार मना सकें।अंत में उन्होंने कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशहाली लेकर आए और धमतरी शहर निरंतर विकास की ओर आगे बढ़े। उन्होंने सभी नगरवासियों के सुखी, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की है।

