धमतरी जिले की गंभीर समस्याओं को लेकर कांग्रेस मुखर: कलेक्टर और एसपी से की मुलाकात, सोरिद व मेघा में हुई मासूमों की मौत पर जताई गहरी नाराजगी

जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व एवं धमतरी विधायक ओंकार साहू सहित कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आज जिला कलेक्टर महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदया से मुलाकात कर जिले की विभिन्न ज्वलंत व गंभीर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता के हितों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद किया। कांग्रेस नेताओं ने विगत दिनों जिले में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण उत्पन्न हुई बाढ़ जैसी स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर अधिकारियों के समक्ष गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण शहर के सोरिद वार्ड एवं मेघा (मगरलोड) में दो मासूम बच्चों के साथ अप्रत्याशित व दुखद घटना घटित हुई, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। कांग्रेस ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ जवाबदेही तय करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर से चर्चा के दौरान कांग्रेस ने बाढ़ के कारण प्रभावित हुए किसानों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बाढ़ के चलते जिन किसानों की धान एवं सब्जी की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, उनका तत्काल निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। इसके साथ ही, जिले में जर्जर हो चुके अटल आवासों की अविलंब मरम्मत कराने तथा बदहाल व गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों की स्थिति को जल्द से जल्द सुधारने का आग्रह किया गया। इसके पश्चात, कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक महोदया से मुलाकात कर धमतरी जिले की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने एसपी का ध्यान कुरुद क्षेत्र में तेजी से पैर पसारते अवैध नशाखोरी के कारोबार की ओर आकर्षित किया। कांग्रेस ने आग्रह किया कि युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए और गश्त बढ़ाई जाए ताकि क्षेत्र की युवा पीढ़ी सुरक्षित रह सके। इस दौरान पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन लालवानी, शरद लोहाना, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर सहित अन्य उपस्थित रहे।
