कुरूद में 11.85 करोड़ की जल आवर्धन योजना का विधायक अजय चन्द्राकर ने किया भूमिपूजन
नगर और नागरिकों की सेवा ही उनका मूल कर्तव्य है- अजय चन्द्राकर
जल आवर्धन योजना से कुरूद की आगामी 30 वर्षों तक नगर की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में मजबूती मिलेगी – ज्योति भानु चंद्राकर

कुरुद । वाटर फिल्टर प्लांट कुरूद में 11 करोड़ 85 लाख रुपये की महत्वकांक्षी जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने किया. विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि असहमति होने का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन विचार-विमर्श के माध्यम से असहमति को सहमति में बदलना ही लोकतंत्र की खूबसूरती है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यक्षेत्र के प्रति जवाबदेह होना चाहिए. नगर और नागरिकों की सेवा ही उनका मूल कर्तव्य है. इसलिए पार्टी प्रेम के बजाय राष्ट्रप्रेम और नगरप्रेम की भावना से कार्य करना चाहिए। नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद शहर की अधोसंरचना को मजबूत बनाने की जरूरत पर उन्होंने विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के बीच पुरानी सड़कें और नालियां अब नई चुनौतियों का सामना कर रही हैं. सड़कों से अतिक्रमण हटाने, नालियों की क्षमता बढ़ाने, नालों के निर्माण और आवश्यक भूमि अधिग्रहण जैसे विषयों पर जनप्रतिनिधियों को सामूहिक सहमति बनानी होगी. पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने कहा कि जल आवर्धन कुरूद की पेयजल व्यवस्था के लिए दूरगामी साबित होगी. इससे आगामी 30 वर्षों तक नगर की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में मजबूती मिलेगी. उन्होंने बताया कि कुरूद स्थित वाटर फिल्टर प्लांट की क्षमता से नगर के साथ भखारा, करेली और विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में निरंतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. जल संकट से जूझ रहे एग्रीकल्चर कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कलेक्टर अविनाश मिश्रा, पूर्व नप अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, रविकांत चंद्राकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, एसडीम पीयूष तिवारी, कृष्णकांत साहू, महामंत्री प्रभात बैस थे. इस अवसर पर पार्षद मंजू प्रमोद साहू, मिथिलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेंद गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, रवि प्रकाश मानिकपुरी, कविता चंद्राकर एवं मनीष साहू सहित एल्डरमेन भानु चंद्राकर, खिलावन यादव, नंदू चंद्राकर, खिलेश्वर देवांगन आदि उपस्थित थे.