Uncategorized

गाली-गलौज करने से मना करने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, धमतरी पुलिस ने आरोपी को किया तत्काल गिरफ्तार

ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई के दौरान हुई वारदात, साइकिल के धारदार स्पोक से पेट पर किए थे जानलेवा वार

चौकी करेलीबड़ी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों और हिंसक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के लिए पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना मगरलोड अंतर्गत पुलिस चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र के ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण इस प्रकार है कि 11 नवम्बर को ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई का कार्यक्रम आयोजित था। रात्रि करीब 08:30 बजे प्रार्थी नारायण साहू (38 वर्ष), निवासी ग्राम भेण्डरी, अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित अपने चाय ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही आरोपी ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
आसपास महिलाओं की आवाजाही होने के कारण जब भागीरथी साहू ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया और जान से मारने की नीयत से अपनी जेब में रखे साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से उनके पेट पर लगातार 6-7 वार कर दिए। हमले में भागीरथी साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं गिरफ्तारी में प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में धारा 296, 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी कर घेराबंदी करते हुए ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त साइकिल के स्पोक का एक धारदार टुकड़ा ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप के अंदर से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!