Uncategorized

जनप्रतिनिधियों की अनूठी पहल: कुंभकार समाज को मिला सामुदायिक भवन का तोहफा, 12 लाख की सहायता और 5 डिसमिल जमीन की घोषणा

अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने दुर्ग से वर्चुअल जुड़कर की घोषणा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं एल्डरमैन ने स्वयं राशि से जमीन देने का लिया संकल्प, सामाजिक एकता और जनसेवा की पेश की मिसाल

p

नगरी। कुंभकार समाज द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह इस बार सामाजिक एकता, सहयोग और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशील पहल के लिए विशेष रूप से यादगार बन गया। दीपावली की खुशियों के बीच समाज को एक ऐसी सौगात मिली, जिसकी आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। समाज के पास न तो स्वयं का सामुदायिक भवन था और न ही भवन निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन एवं आर्थिक संसाधन। इसके अभाव में सामाजिक बैठक, वैवाहिक कार्यक्रमों तथा समाज के सुख-दुख में एकत्रित होने के लिए सदस्यों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
समाज की इस आवश्यकता को समझते हुए नगर पंचायत नगरी के जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक पहल करते हुए सहयोग का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं एल्डरमैन दुर्गा प्रजापति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके। वे दुर्ग से वीडियो कॉल के माध्यम से वर्चुअल रूप से समारोह से जुड़े और समाज को संबोधित करते हुए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही भवन में आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था के लिए अध्यक्ष निधि से 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की। इस प्रकार अध्यक्ष द्वारा कुल 12 लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई।
वहीं नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं एल्डरमैन दुर्गा प्रजापति ने भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 डिसमिल भूमि अपनी निजी राशि से उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस प्रकार जनप्रतिनिधियों ने केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं दिया, बल्कि भवन निर्माण के लिए आवश्यक जमीन की व्यवस्था का भी संकल्प लिया।

आज के दौर में भाई-भाई के बीच जमीन के लिए विवाद, ऐसे में समाज के लिए जमीन देना अनुकरणीय पहल

आज के समय में जहां कई बार एक इंच जमीन के लिए भी परिवारों और भाइयों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, वहीं जनप्रतिनिधियों द्वारा समाज के सामूहिक हित के लिए अपनी निजी राशि से 5 डिसमिल जमीन देने की घोषणा सामाजिक सहयोग और उदारता का उल्लेखनीय उदाहरण है। जनप्रतिनिधि बनना एक जिम्मेदारी प्राप्त करना है, लेकिन उस जिम्मेदारी को जनता और समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़कर निभाना ही जनसेवा का महत्वपूर्ण पक्ष है।

इस पहल की विशेषता यह भी रही कि नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर में मौजूद नहीं रहने के बावजूद दुर्ग से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर समाज की आवश्यकता को प्राथमिकता दी, वहीं उपाध्यक्ष एवं एल्डरमैन ने समारोह में उपस्थित रहकर जमीन देने की घोषणा की। तीनों जनप्रतिनिधियों की इस संयुक्त पहल से समाज के लोगों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।

समाज के सुख-दुख में काम आएगा सामुदायिक भवन

कुंभकार समाज के सदस्यों ने कहा कि सामुदायिक भवन का निर्माण होने से समाज को सामाजिक बैठकों, वैवाहिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य सामूहिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। विशेषकर समाज के लोगों को सुख-दुख के अवसरों पर एकत्रित होने और आपसी विचार-विमर्श करने में सुविधा मिलेगी।
समारोह में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं एल्डरमैन दुर्गा प्रजापति के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनप्रतिनिधियों की यह पहल नगरी में सामाजिक सहभागिता, आपसी सहयोग और जनसेवा की भावना को एक नया संदेश देती है। निश्चित रूप से सामुदायिक भवन के लिए आर्थिक सहायता के साथ निजी भूमि देने की यह घोषणा आने वाले समय में सामाजिक एकता और सामूहिक विकास के प्रयासों के लिए एक प्रेरक उदाहरण के रूप में याद की जाएगी। कार्यक्रम में कुंभकार समाज की ओर से मनोज प्रजापति नरेंद्र प्रजापति एसके प्रजापति उदय प्रजापति मनोहर प्रजापति अखिलेश प्रजापति नीलेश्वर प्रजापति कमलेश प्रजापति आदि उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!