एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
भखारा पुलिस की मुस्तैदी: चाकूबाजी कर हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी धरदबोचा गया, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त और त्वरित कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में थाना भखारा पुलिस ने ग्राम जोरातराई (अ) में पुरानी रंजिश व दादागिरी के चलते एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्रार्थी संतू राम साहू (60 वर्ष, निवासी ग्राम जोरातराई अ, थाना भखारा) ने थाना भखारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 नवम्बर की रात्रि करीब 9बजे जब वे खाना खाकर अपने घर के पास बैठे थे, तभी गांव के त्रिदेव निषाद, मनीष साहू एवं अन्य व्यक्ति उनके भतीजे देवेंद्र साहू को घायल अवस्था में उठाकर घर ला रहे थे। पूछने पर भतीजे ने बताया कि रात्रि लगभग 8:30 बजे वह शीतला मंदिर के पास बैठा था और बगल में कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही आरोपी खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां आया और “तुम साले गांव को दादा समझता है, आज तुझे जान से मार दूंगा” कहते हुए गाली-गलौज कर अपने पास रखे धारदार चाकू से देवेंद्र के पेट के बाएं तरफ प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। घायल युवक को तत्काल डायल 112 की मदद से इलाज हेतु कुरुद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उचित उपचार हेतु रिफर किया।
प्रार्थी की लिखित रिपोर्ट पर थाना भखारा में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भखारा पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी की पतासाजी शुरू की।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर (पिता लहरमन निर्मलकर, 21 वर्ष, निवासी ग्राम जोरातराई अ, थाना भखारा) को हिरासत में लिया। गवाहों के समक्ष पंचायत भवन में की गई सघन पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार बटची चाकू एवं घटना के समय पहने गए कपड़ों को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे दिनांक 12.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
