Uncategorized

15 क्विंटल धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि, रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

धमतरी- छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने धान खरीदी से पहले किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कृषक उन्नति योजना के तहत बड़ी राहत प्रदान की है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए पूर्व विधायक रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। योजना के नए प्रावधान के अनुसार यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा के बजाय केवल 15 क्विंटल धान का विक्रय करता है, तब भी उसे 21 क्विंटल के आधार पर निर्धारित पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने धान के समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित दर के बीच के 659 रुपये के अंतर को आधार बनाया है। इस अंतर के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ की गणना करने पर किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि मिलेगी। इसके अतिरिक्त किसानों को बेचे गए धान का समर्थन मूल्य भी अलग से प्राप्त होगा।
रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने की दिशा में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने का प्रयास सराहनीय है। इस तरह के किसान हितैषी निर्णय खेती-किसानी को मजबूती देने के साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार के इस फैसले को अन्नदाताओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!