दानीटोला वार्ड में आदिवासी ध्रुव गोंड समाज भवन में किचन सेट निर्माण का भूमिपूजन
महापौर रामू रोहरा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का किया शुभारंभ

धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी के दानीटोला वार्ड स्थित आदिवासी ध्रुव गोंड समाज भवन परिसर में किचन सेट निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर श्री जगदीश ‘रामू’ रोहरा के करकमलों से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर ने निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया तथा समाजजनों को शुभकामनाएं दीं।
किचन सेट निर्माण होने से समाज भवन में आयोजित होने वाले विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के दौरान भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इससे समाज के लोगों को कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी और भवन की उपयोगिता भी बढ़ेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सामाजिक भवन समाज की एकजुटता और आपसी सहभागिता का केंद्र होते हैं। ऐसे भवनों में होने वाले सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समाज के लोगों के बीच आपसी समन्वय और भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास और नागरिकों की मांग के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर पार्षद अज्जू देशलहरे, गजेंद्र कुमार कंवर, संजय देवांगन, श्रीमती नम्रतामाला पवार, श्री संत राम ध्रुव, केसो राम ध्रुव, तोमन भारद्वाज, मुरली प्रसाद साहू, चंपालाल साहू, मटेश्वर साहू, राजेंद्र नाग, श्रीमती निर्मला ध्रुव सहित समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने किचन सेट निर्माण कार्य के भूमिपूजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए
महापौर रामू रोहरा का आभार जताया। समाजजनों ने कहा कि किचन सेट के निर्माण से समाज भवन में होने वाले आयोजनों के दौरान काफी सुविधा मिलेगी और लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता पूरी होगी। कार्यक्रम का समापन उपस्थितजनों के बीच आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।
