Uncategorized

सांकरा-जैतपुरी मार्ग और नगरी शहर फोरलेन मार्ग की वित्त विभाग से मिली स्वीकृति

अरुण सार्वा और विकास मरकाम की मांग पर आगे बढ़ी प्रक्रिया, लोक निर्माण विभाग ने दी स्वीकृति की जानकारी


धमतरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सांकरा-जैतपुरी मार्ग तथा नगरी में मार्ग के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण की मांग को वित्त विभाग से स्वीकृति मिल गई है। इसकी जानकारी लोक निर्माण विभाग कार्यालय जिला धमतरी के ईई ने दूरभाष के माध्यम से जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा को दी, इसकी जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई। उल्लेखनीय है कि 10 सितंबर को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा एवं स्थानीय आदिवासी परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर सिहावा विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर चर्चा की थी। इस दौरान सांकरा-जैतपुरी मार्ग के निर्माण एवं मजबूतीकरण तथा नगरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण/फोरलेन की मांग प्रमुखता से रखी गई थी।
मंत्री अरुण साव ने दिए थे तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मुलाकात के दौरान अरुण सार्वा एवं विकास मरकाम ने बताया था कि इन मार्गों का विकास क्षेत्र के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बढ़ते यातायात, क्षेत्र के विकास तथा आवागमन की सुविधा को देखते हुए इन सड़कों का उन्नयन समय की आवश्यकता है। इस पर लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब करीब ढाई सप्ताह बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने की जानकारी दिए जाने से क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण मांग के आगे बढऩे की उम्मीद मजबूत हुई है।
जनहित की मांग को मिली मंजिल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : अरुण सार्वा
अरुण सार्वा ने कहा कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से रखी गई महत्वपूर्ण मांग को शासन स्तर पर सकारात्मक पहल मिली है। उन्होंने कहा कि उनके एवं विकास मरकाम द्वारा क्षेत्रहित में लगातार इन सड़क परियोजनाओं को लेकर प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लोक निर्माण मंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के माध्यम से इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने की जानकारी प्राप्त हुई है।
अरुण सार्वा और विकास मरकाम ने जताया आभार

अरुण सार्वा और विकास मरकाम ने इस महत्वपूर्ण पहल और स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विषयों को सरकार के समक्ष लगातार मजबूती से रखा जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सभी को मिलकर प्रयास करने से विकास कार्यों को गति मिलती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!