रामदेव बाबा के जन्मोत्सव पर भंडारे में पहुंचे महापौर रामू रोहरा
बोले—धर्म और सेवा के आयोजनों से मजबूत होता है सामाजिक समरसता का भाव

धमतरी। इतवारी बाजार स्थित श्री रामदेव बाबा मंदिर में श्री रामदेव बाबा के जन्मोत्सव अवसर पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा श्री रामदेव बाबा मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। महापौर ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि संत-महात्माओं की परंपरा और धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति की पहचान हैं। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, सेवा की भावना को बढ़ाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा समाज में सद्भाव और संस्कारों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने श्री रामदेव बाबा से धमतरी शहर सहित समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन में महापौर के साथ एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण एवं भाजपा पदाधिकारी सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालुगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
