किसान कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है कृषक उन्नति योजना, असमय बारिश से नुकसान झेल रहे किसानों को मिली बड़ी राहत – ठाकुर शशि पवार

धमतरी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ठाकुर शशि पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार लगातार किसानों के हित में ऐतिहासिक और दूरगामी फैसले ले रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक की आदान सहायता राशि देने का निर्णय सरकार की किसान हितैषी सोच और अन्नदाताओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस योजना के माध्यम से सरकार ने उन किसानों को भी बड़ी राहत दी है, जिन्हें कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेच पाना संभव नहीं हो पाता था। हाल ही में असमय बारिश के रूप में प्राकृतिक आपदा के कारण सीधे तौर पर उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। इसका मुआवजा फसल बीमा क्लेम तथा केंद्र सरकार के माध्यम से मिलेगा, इस बीच कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों के लिए राहत का बड़ा पिटारा विष्णुदेव साय की सरकार ने खोला है। शशि पवार ने अगके कहा कि पहले 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा पूरी करने के लिए कई किसानों को अतिरिक्त धान की व्यवस्था करनी पड़ती थी। इससे किसानों पर अनावश्यक दबाव बनता था। अब नई व्यवस्था में पात्र किसानों को वास्तविक धान विक्रय और सत्यापित रकबे के आधार पर शेष अंतर की सहायता राशि उपलब्ध कराने का प्रावधान किसानों के लिए बड़ी राहत है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक दबाव का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे अपनी वास्तविक उत्पादन क्षमता के अनुरूप धान विक्रय कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता हमेशा से किसान, गरीब और आम नागरिक का कल्याण रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रदेश सरकार किसानों से किए गए वादों को धरातल पर उतार रही है। कृषक उन्नति योजना केवल आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, उनकी मेहनत और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि खेती में आने वाली चुनौतियों के बावजूद किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे। उन्होंने कहा कि धान खरीदी से लेकर आदान सहायता तक सरकार ने किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। इस निर्णय से छोटे और सीमांत किसानों को विशेष लाभ मिलेगा तथा कृषि क्षेत्र में आर्थिक स्थिरता आएगी। भाजपा सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और अन्नदाताओं की खुशहाली से ही प्रदेश की वास्तविक खुशहाली सुनिश्चित होगी। किसानों के हित में लिया गया यह फैसला सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और किसान कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
