सांस्कृतिक आयोजनों से मिलती है नई ऊर्जा, समाज में बढ़ती है एकजुटता : अरुण सार्वा
ग्राम देवरी में दीपावली के अवसर पर आयोजित सुरता के डोरी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

धमतरी। जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि मनुष्य के जीवन में संगीत और सांस्कृतिक आयोजनों का विशेष महत्व है। दैनिक कार्यों और जिम्मेदारियों के बीच मनोरंजन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी समय निकालना आवश्यक है। ऐसे आयोजन जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपराओं और सामाजिक विरासत को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। श्री सार्वा गुरुवार, 12 नवंबर को विकासखंड धमतरी के ग्राम देवरी में बजरंगबली युवा संगठन एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम सुरता के डोरी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा सहित जनपद पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष केशव साहू, ग्रामीण अध्यक्ष कमलेश साहू, ग्राम पटेल जीवनलाल साहू, उपसरपंच ओमप्रकाश सिंह, सरपंच महेश चंद्राकर, पूर्व ब्रांच मैनेजर राज साहू, मायाराम साहू, बहुराम साहू एवं लेखपाल साहू का आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
