Uncategorized

कांग्रेस सिर्फ झूठ और सनसनी फैलाने और जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही : रामू रोहरा

चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले राहुल गांधी तथ्यों को परखें—महापौर

महापौर ने निगम कार्यालय मे प्रेसवार्ता लेकर कांग्रेस के आरोपों को सिरे से नकारा

धमतरी। चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर महापौर रामू रोहरा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। नगर निगम में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर ने कहा कि कांग्रेस आज अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि कांग्रेस का काम अब सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलना, सनसनी फैलाना और जनता को भ्रमित करना रह गया है। राहुल गांधी को चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले तथ्यों को परखना चाहिए। लोकतंत्र में किसी संवैधानिक संस्था पर गंभीर आरोप लगाना आसान है, लेकिन उन आरोपों को प्रमाणित करने के लिए ठोस तथ्य और प्रमाण भी होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग देश की चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी संवैधानिक संस्था है। यदि किसी राजनीतिक दल को मतदाता सूची, एसआईआर या चुनावी प्रक्रिया से संबंधित कोई आपत्ति है तो उसे निर्धारित संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत तथ्य एवं प्रमाण के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस और राजनीतिक बयानबाजी के माध्यम से गंभीर आरोप लगाने से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास पर असर पड़ता है।
महापौर ने कहा कि कांग्रेस को हर चुनाव के बाद अपनी हार के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय वह चुनाव आयोग पर ही सवाल उठाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करती दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जनता अब राजनीति में केवल आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि तथ्य, काम और जवाबदेही देखना चाहती है।
रामू रोहरा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में चुनाव जीतना और हारना राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। जब परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आता है तो वही चुनाव व्यवस्था ठीक दिखाई देती है और जब परिणाम विपरीत आता है तो संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े किए जाने लगते हैं। यह दोहरा मापदंड जनता के सामने ज्यादा समय तक नहीं चल सकता।
महापौर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आज विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए ठोस विषय नहीं हैं, इसलिए वह संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान जिला भाजपा मीडिया प्रभारी उमेश साहू और पार्षद मेघराज ठाकुर भी उपस्थित रहे.

लक्ष्य साहू की स्मृति में बनेगा लक्ष्य सेतु,एमआईसी और सामान्य सभा में रखा जाएगा प्रस्ता -रामू रोहरा

धमतरी। सोरिद वार्ड में प्रस्तावित नए पुल का नाम अब ‘लक्ष्य सेतु’ रखा जाएगा। नगर निगम की एमआईसी तथा सामान्य सभा की बैठक में इसका प्रस्ताव रखा जाएगा। महापौर रामू रोहरा ने बताया कि इसी नाले में 7 वर्षीय बालक लक्ष्य साहू की डूबने से हुई दुःखद मृत्यु ने सभी को झकझोर दिया था। उसकी स्मृति को चिरस्थाई बनाने और उसके नाम को हमेशा जीवित रखने के उद्देश्य से प्रस्तावित सेतु का नाम ‘लक्ष्य सेतु’ रखने का निर्णय लिया गया है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि लक्ष्य साहू का असमय चले जाना पूरे शहर के लिए बेहद पीड़ादायक घटना थी। यह सेतु विकास के साथ-साथ उस मासूम बच्चे की याद का प्रतीक भी बनेगा।उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रस्तावित पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव सहित अन्य समस्याओं के समाधान में भी मदद मिलेगी। महापौर ने बताया कि मृतक के परिवार को शासन द्वारा सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!