अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए धमतरी में 15 नवंबर को होगा महा-मैराथन का आयोजन
इंडोर स्टेडियम में होगी 1600 मीटर दौड़, प्रथम स्थान पर 5001 रुपये सहित विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

धमतरी। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होकर देशसेवा का सपना संजोने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनकी शारीरिक दक्षता और तैयारी को परखने के उद्देश्य से धमतरी में 15 नवंबर 2026, रविवार को अग्निवीर महा-मैराथन का आयोजन किया जाएगा। नि:शुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र एवं मिलिट्री एकेडमी, धमतरी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 1600 मीटर की दौड़ होगी। प्रतियोगिता का आयोजन प्रात: 5 बजे से धमतरी के इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता में केवल छत्तीसगढ़ राज्य के वे अग्निवीर अभ्यर्थी ही भाग ले सकेंगे, जो भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य अभ्यर्थियों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है, ताकि वे आगामी भर्ती प्रक्रिया की शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी कर सकें। नि:शुल्क कमांडो प्रशिक्षण केन्द्र एवं मिलिट्री एकेडमी, धमतरी के निदेशक तथा पूर्व सैनिक एवं आर्मी इंस्ट्रक्टर जीवन राम निषाद ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रात: 4 बजे से 5 बजे तक ही मान्य होगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को 5001 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3001 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1001 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

