राष्ट्र और पार्टी हित में मिली हर जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही मेरा कर्तव्य : अरुण सार्वा
शासन की योजनाओं को सफल बनाने जनभागीदारी जरूरी, हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुरूप विकास कार्यों में दे योगदान

धमतरी- मैं भारतीय जनता पार्टी का एक कार्यकर्ता और सिपाही हूं। पार्टी द्वारा राष्ट्रहित और संगठनहित में सेवा के लिए वर्तमान में जो दायित्व सौंपा गया है तथा भविष्य में जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना ही मेरा कर्तव्य है। मेरा राजनीतिक उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने दायित्वों के माध्यम से समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करना है। ईश्वर ने हमें अनमोल जीवन दिया है। यदि इस जीवन में हम किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए थोड़ा भी योगदान दे सकें, तो मानव जीवन की सार्थकता सिद्ध हो सकती है।उक्त विचार जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने गुरुवार को इंडियन कॉफी हाउस, धमतरी में आयोजित दीपावली मिलन एवं ह्यमसान डबरा : एक बदलाव की कहानीह्ण मैगजीन पर आयोजित परिचर्चा कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने अरुण सार्वा से उनके सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों के संबंध में अनेक सवाल किए। पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए जनसेवा का माध्यम है। संगठन और पार्टी द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी जाती है, उसे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर राष्ट्र और समाज के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाना चाहिए। परिचर्चा के दौरान पत्रकार गोपी कश्यप द्वारा संकलित मैगजीन ह्यमसान डबरा : एक बदलाव की कहानीह्ण पर विशेष चर्चा हुई। इस मैगजीन में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा के मसान डबरा में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के 34 परिवारों के लिए निर्मित पक्के आवास एवं विकसित आवासीय कॉलोनी की विकास यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर अरुण सार्वा ने मसान डबरा में निर्मित आवासीय कॉलोनी की परिकल्पना से लेकर उसके धरातलीय स्वरूप तक की पूरी यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जनसेवा के उद्देश्य से इस कार्य में उन्होंने किस प्रकार व्यक्तिगत रुचि लेकर अपना समय, श्रम और संसाधन समर्पित किए। उनका कहना था कि किसी भी सरकारी योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई दे।
अरुण सार्वा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों का दायित्व है कि वे जनहित में बेहतर योजनाएं बनाएं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक बजट और संसाधन उपलब्ध कराएं। सरकारें इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं, लेकिन योजनाओं को सफल बनाने में समाज की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार विकास कार्यों में योगदान दे सकता है। जिनके पास धन है, वे आर्थिक सहयोग करें, जिनके पास समय है, वे अपना समय दें, जिनके पास श्रम है, वे श्रमदान करें और जिनके पास निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं तकनीकी अनुभव है, वे अपने अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग करें। âउन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब सरकार के साथ समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझे और विकास की प्रक्रिया में सहभागी बने। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हुए अरुण सार्वा ने मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज की समस्याओं, जनभावनाओं और विकास कार्यों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है। सकारात्मक पहल और जनहित से जुड़े कार्यों को समाज तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।कार्यक्रम का विधिवत एवं प्रभावी संचालन पत्रकार तथा ह्यमसान डबरा : एक बदलाव की कहानीह्ण मैगजीन के संकलनकर्ता गोपी कश्यप ने किया। इस अवसर पर धमतरी जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों तथा सोशल मीडिया समूहों से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। दीपावली मिलन के आत्मीय वातावरण में आयोजित यह परिचर्चा जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और विकास के सामूहिक संकल्प पर सार्थक संवाद का माध्यम बनी।