अध्यक्ष निधि से पुरानी बस्ती गौरा चौरा का हुआ सौंदर्यीकरण
दीपावली से पहले नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कराया जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य

नगरी- दीपावली एवं गौरा-गौरी पर्व के पावन अवसर पर नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 14 स्थित पुरानी बस्ती के गौरा चौरा का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने अपनी अध्यक्ष निधि से इस कार्य को पूरा कराया।
गौरा चौरा के चबूतरे को ग्रेनाइट से आकर्षक रूप दिया गया है। साथ ही स्टील रेलिंग लगाकर ऊपर मंडप का निर्माण कराया गया। आसपास के घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाकर गंदे पानी की उचित निकासी की व्यवस्था भी की गई है। इससे गौरा चौरा परिसर स्वच्छ एवं सुंदर दिखाई देने लगा है।
दीपावली एवं गौरा-गौरी पूजा के अवसर पर अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने फीता काटकर तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि गौरा-गौरी की पूजा और दीप उत्सव हमारी संस्कृति एवं धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर के अनेक वार्डों में स्थित गौरा चौरा का भी चरणबद्ध तरीके से जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इन धार्मिक स्थलों का नगरवासियों की आस्था और सामाजिक एकता में विशेष महत्व है, जहां पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। वार्डवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए दीपावली एवं गौरा-गौरी पूजा से पूर्व इस गौरा चौरा का सौंदर्यीकरण कराया गया है। नगर में इसी तरह आगे भी आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद शंकर देव सभापति अश्वनी निषाद चेलेश्वरी साहू पार्षद देवचरण ध्रुव अंबिका ध्रुव जयंती टुकेश्वरी साहू मिकी गुप्ता हृदय लाल नाग उत्तम गौर रविंद्र गौर गौरा समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल शीतल पुजारी सत्येंद्र सोम सहित वार्डवासी एवं नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
