महापौर जगदीश (रामू) रोहरा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज पर्व की दी शुभकामनाएं

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश (रामू) रोहरा ने नगरवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह, उमंग और सकारात्मकता का संचार करता है।
महापौर रोहरा ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भावना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी अवसर है। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि, खुशहाली और धन-धान्य का वास हो, यही उनकी मंगलकामना है।
उन्होंने गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, गौमाता और हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करने का संदेश देता है। वहीं भाईदूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है, जो पारिवारिक रिश्तों की मिठास और मजबूती को दर्शाता है।
महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि सभी लोग इन पर्वों को आपसी प्रेम, सौहार्द और उत्साह के साथ मनाएं। त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और जरूरतमंदों के साथ भी खुशियां साझा करें। उन्होंने स्वच्छ, सुंदर और विकसित धमतरी के निर्माण में सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर की प्रगति और खुशहाली में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
अंत में महापौर जगदीश (रामू) रोहरा ने समस्त धमतरी नगरवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज पर्व की पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।