Uncategorized

धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सिहावा, नगरी, भखारा एवं मगरलोड थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब, देशी शराब एवं बिक्री की रकम सहित कुल 5,205 रुपये की सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम कोडमुड़ पारा में पुलिस ने रुकमणी बाई पति केमन ध्रुव के कब्जे से 4.5 लीटर महुआ शराब एवं बिक्री की रकम 450 रुपये जब्त की। इसी प्रकार नगरी थाना क्षेत्र के चमेदा कर्राघाटी तिराहा के पास डूमरडीह निवासी 20 वर्षीय हितेन्द्र कुर्रे के पास से 3 लीटर महुआ शराब एवं 120 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। दोनों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
वहीं भखारा थाना क्षेत्र में आईटीआई के पीछे स्कूल के पास पुलिस ने सुपेला निवासी 60 वर्षीय बालचंद प्रधान को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा। उसके कब्जे से 15 पौवा देशी शराब एवं 300 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। इसी तरह मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम बेलौरा टिकरापारा में पुलिस ने दाऊराम साहू (26 वर्ष) के घर के बरामदे से 4.5 लीटर महुआ शराब एवं 900 रुपये बिक्री रकम बरामद की।
चारों थाना क्षेत्रों में की गई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित अपराध क्रमांक दर्ज कर आबकारी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!