धमतरी में हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी करते तीन युवक गिरफ्तार, 15 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त
ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.53 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद, मुख्य सप्लायर की तलाश जारी

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने नगदी रकम, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपये का मशरूका जब्त किया है। वहीं पूछताछ के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े कथित मुख्य सप्लायर का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 नवंबर को स्पेशल टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन (चिट्टा) लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सिटी कोतवाली एवं स्पेशल टीम की संयुक्त पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव उर्फ बब्लू सोनी (24 वर्ष), निवासी रिसाई पारा, कोडेमल धर्मशाला के सामने, शुभम सोनी (19 वर्ष), निवासी जोधापुर वार्ड, डाकबंगला वार्ड, शंकर नगर तथा आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (25 वर्ष), निवासी आमा तालाब रोड, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 ग्राम हेरोइन, बिक्री की 9 हजार रुपये नगद रकम, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, ओप्पो एवं रियलमी कंपनी के तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा दो लाइटर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 53 हजार 520 रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर इस कारोबार में कथित मुख्य सप्लायर की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब उसकी पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी कर रही है।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को विशेष न्यायालय (एनडीपीएस) के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशा युवाओं के भविष्य और समाज के लिए गंभीर खतरा है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नशामुक्त धमतरी के निर्माण में आमजन से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
