फिट एंड क्लीन धमतरी मुहिम, शहर के तालाबों की सफाई से युवाओं ने शुरू की पहल

धमतरी में शहर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी अब युवाओं ने अपने हाथों में ली है। फिट एंड क्लीन धमतरी मुहिम के तहत युवाओं ने तालाबों की सफाई से अभियान की शुरुआत की है। आने वाले दिनों में इसे शहर के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाने की तैयारी है। हाथों में झाड़ू और शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर युवाओं की टोली मैदान में उतरी। अभियान के पहले चरण में शहर के तालाबों की सफाई की गई और जलस्रोतों के आसपास जमा कचरे को हटाया गया। युवाओं का कहना है कि स्वच्छता सिर्फ नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। शहर को साफ रखने में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। इसी सोच के साथ अभियान को तालाबों से आगे बढ़ाकर वार्डों, गलियों और मोहल्लों तक पहुंचाने की योजना है। मुहिम का उद्देश्य सिर्फ कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक करना भी है। युवाओं की कोशिश है कि लोग सार्वजनिक जगहों पर कचरा न फैलाएं और शहर को स्वच्छ रखने में अपनी भूमिका निभाएं। अभियान से जुड़े युवाओं ने धमतरी को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा है। उनका कहना है कि जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में पहचान बनाई, उसी तरह धमतरी को भी स्वच्छ शहर के रूप में आगे लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। फिट एंड क्लीन धमतरी की यह पहल अब कितनी दूर तक पहुंचती है और इसमें शहरवासियों की कितनी भागीदारी जुड़ती है, यही इस अभियान की अगली तस्वीर तय करेगी।
