Uncategorized

दीपावली से पहले अग्निशमन विभाग सतर्क, पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण

व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के उपायों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, अग्निशमन उपकरणों की जांच कर सुरक्षित संचालन के दिए निर्देश

धमतरी- दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्रीमती शोभा ठाकुर के निर्देश पर गुरुवार को अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर में संचालित विभिन्न अस्थायी पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देने के साथ आग लगने की स्थिति में बचाव एवं नियंत्रण के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन टीम ने पटाखा दुकानों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। साथ ही उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने, पटाखों के सुरक्षित भंडारण तथा विक्रय के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के संबंध में दुकानदारों को विस्तार से समझाया गया। टीम ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि दुकानों में अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के चालक दिलीप निषाद तथा फायरमैन शीतेश पवार, देवेंद्र साहू एवं भरत ठाकुर ने व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के उपयोग और आग बुझाने के विभिन्न तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने आपात स्थिति में अग्निशमन सेवा को तत्काल सूचना देने, आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सही तरीके से उपयोग करने की जानकारी भी दी।
अग्निशमन विभाग ने पटाखा दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और अग्नि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि पर्व को सुरक्षित एवं आनंदमय वातावरण में मनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!