Uncategorized

दीपावली त्योहारी सीजन में धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट: शहर में सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर सड़को पर निकले एएसपी बाजार क्षेत्रों में की पैदल पेट्रोलिंग

एसपी के निर्देश पर एएसपी डी.सी. पटेल सहित कोतवाली एवं यातायात पुलिस की संयुक्त पहल,प्रमुख बाजारों एवं चौक- चौराहों की यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

मकई चौक से सदर बाजार होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक निकली पैदल पेट्रोलिंग, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील

आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाजार पहुंचने वाले लोगों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने धमतरी पुलिस द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ एवं वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की गई। यह पेट्रोलिंग मकई चौक से प्रारंभ होकर सदर बाजार होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजार मार्गों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर यातायात की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
पैदल पेट्रोलिंग के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव, वाहनों की पार्किंग, दुकानों के सामने होने वाली भीड़ एवं आवागमन में संभावित बाधाओं का निरीक्षण किया गया। साथ ही ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस जवानों को भी यातायात नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता एवं मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार के व्यापारियों एवं दुकानदारों से प्रत्यक्ष संवाद कर दीपावली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। व्यापारियों से कहा गया कि वे अपनी दुकानों के सामने अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न होने दें, सड़क एवं फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें तथा ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रखने में सहयोग करें।धमतरी पुलिस द्वारा दीपावली त्योहारी अवधि में शहर की यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग तथा प्रभावी यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सतत मौजूदगी रखते हुए आम नागरिकों एवं व्यापारियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
धमतरी पुलिस का उद्देश्य है कि दीपावली पर्व के दौरान शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू बनी रहे, जिससे आम नागरिक, व्यापारी एवं बाहर से आने वाले लोग बिना किसी परेशानी के आवागमन कर सकें और सभी लोग हर्षोल्लास एवं सुरक्षित वातावरण में त्यौहार मना सकें।
उक्त पैदल पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्री राजेश जगत, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक के.आर. साहू, कोतवाली पुलिस टीम, यातायात पुलिस टीम एवं चीता स्क्वायड सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!