जेम पोर्टल से शासकीय खरीदी की प्रक्रिया होगी सरल, पारदर्शी और प्रभावी
कलेक्टोरेट में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, अधिकारियों-कर्मचारियों की शंकाओं का किया गया समाधान

धमतरी- शासकीय विभागों में खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, सुगम और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टोरेट, धमतरी के सभाकक्ष में गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम ) पोर्टल के उपयोग एवं क्रय प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जेम पोर्टल के माध्यम से सामग्री एवं सेवाओं की खरीदी की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं तथा क्रय के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ श्री तिवारी ने जेम पोर्टल पर खरीदी की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने पोर्टल के प्रभावी उपयोग, क्रय संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खरीदी के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंधित अपनी शंकाएं विशेषज्ञ के समक्ष रखीं। विशेषज्ञ ने इनका समाधान करते हुए प्रक्रिया को नियमानुसार, सुचारू एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न करने के आवश्यक तरीके बताए।
कार्यशाला में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी के महाप्रबंधक श्री लोकपाल खंडेकर एवं प्रबंधक श्री जगमोहन एक्का उपस्थित रहे। इसमें जिले के लगभग सभी शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लेकर जेम पोर्टल के उपयोग से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
जेम पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, प्रतिस्पर्धात्मक व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा क्रय प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलती है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलती है।
कार्यशाला का उद्देश्य शासकीय खरीदी से जुड़े अमले को जेम पोर्टल के उपयोग के प्रति दक्ष बनाना तथा क्रय संबंधी प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ विकसित करना था, ताकि विभागों में खरीदी का कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप अधिक सुगमता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न किया जा सके।
