रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 32 रक्तवीरों ने किया रक्तदान
नव ज्योति दुर्गा उत्सव समिति की सराहनीय पहल, महिला रक्तदाता मिथिलेश्वरी साहू ने पेश की प्रेरणादायक मिसाल

धमतरी। मानव सेवा और जनकल्याण की भावना को लेकर ग्राम भेंडरा में नव ज्योति दुर्गा उत्सव समिति के सदस्यों द्वारा रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और स्वास्थ्य परीक्षण कराकर जागरूकता का परिचय दिया। शिविर के दौरान करीब 32 यूनिट रक्तदान किया गया।
इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। समिति की इस पहल से समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश प्रसारित हुआ।
*महिला रक्तदाता मिथिलेश्वरी साहू ने पेश की प्रेरणादायक मिसाल*
शिविर में रक्तवीर मिथिलेश्वरी साहू ने रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका यह योगदान विशेष रूप से प्रेरणादायक है। रक्तदान को लेकर समाज में फैली झिझक को दूर करने और दूसरों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने में ऐसे रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनका जज्बा बताता है कि जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए आगे आना ही सच्ची मानवता है।
*समिति के पदाधिकारियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका*
शिविर के आयोजन में नव ज्योति दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष भीखम साहू (शिक्षक), संरक्षक राधाकिशन साहू (शिक्षक), सचिव लोमेश निषाद, कोषाध्यक्ष रूप राम साहू एवं संरक्षक कुबेर साहू (प्रधान पाठक) सहित समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समिति की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सामाजिक संस्थाएं यदि जनसेवा के उद्देश्य से आगे आएं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ने के साथ ही आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।