ग्राम बोड़रा में श्रीमद् देवी भागवत कथा में शामिल हुईं रंजना साहू, देवी भागवत का श्रवण कर ग्रामवासियों को दी शुभकामनाएं

धर्म और संस्कृति के संरक्षण में धार्मिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका : रंजना डीपेन्द्र साहू
धमतरी- शारदीय नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर ग्राम बोड़रा (स) में अटल चौक के समीप आयोजित देवी स्थापना एवं ज्योति प्रज्वलन कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिमय में किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ग्राम बोड़रा पहुंचीं और श्रीमद् देवी भागवत कथा में शामिल होकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने माता रानी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने आयोजन से जुड़े समस्त श्रद्धालुओं, आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को शारदीय नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इस धार्मिक आयोजन के लिए बधाई दी, उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति की आराधना, भक्ति, आस्था और साधना का पावन अवसर है, मां दुर्गा की उपासना हमें सत्य, धर्म, साहस और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।उन्होंने कहा कि श्रीमद् देवी भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। सामूहिक रूप से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। ग्राम बोड़रा में 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा में कथा वाचक पं. चेतन दुलार जी महाराज द्वारा देवी भागवत की कथा का रसपान कराया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है, जिसमें ग्रामवासी एवं क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने आयोजन की सफलता के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए समस्त ग्रामवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। ग्रामवासियों ने भी धार्मिक आयोजन में उनके आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर जनपद सदस्य दीलिप सेन, भाजपा वरिष्ठ हंसराज साहू, सेवक साहू सहित बड़ी संख्या में श्रोतागण उपस्थित रहे।
