Uncategorized

चैतन्य देवियों की झांकी के दूसरे दिन पुलिस अधीक्षक भावना पांडे ने किए दर्शन

धमतरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, धमतरी द्वारा आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक भावना पांडे उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पूर्व महापौर विजय देवांगन, पुलिस पेंशनर समाज के जिला अध्यक्ष होरी लाल साहू एवं ब्रह्माकुमारी प्राजक्ता बहन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा चैतन्य देवियों के भव्य दर्शन के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी प्राजक्ता बहन ने देवियों के आध्यात्मिक स्वरूप की व्याख्या करते हुए कहा कि मां दुर्गा सभी दुर्गुणों का नाश करने वाली चैतन्य शक्ति हैं। मां लक्ष्मी सभी को स्थूल धन-धान्य के साथ ज्ञान धन से भी भरपूर करती हैं। मां काली काल के पंजे से छुड़ाने वाली हैं, मां सरस्वती ज्ञान की वीणा बजाकर अज्ञान के अंधकार को मिटाने वाली हैं, वहीं मां संतोषी सभी को संतुष्ट रहने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने बाल ब्रह्मचारिणी के आध्यात्मिक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ब्रह्माकुमारी बहनें शिवपुत्रियां हैं, जो संगमयुग पर तपस्या एवं राजयोग साधना के माध्यम से अपने जीवन को श्रेष्ठ बना रही हैं।
प्राजक्ता बहन ने बताया कि आज मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में विराजमान ये बहनें प्रतिदिन प्रातः 3:30 बजे उठकर राजयोग की साधना करती हैं तथा नियमित रूप से ईश्वरीय महावाक्य सुनती हैं। प्रतिदिन राजयोग के अभ्यास से मन में स्थिरता, शांति और पवित्रता आती है। यह साधना व्यक्ति को आंतरिक शक्ति प्रदान करने के साथ ही जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होती है।
चैतन्य देवियों की यह भव्य झांकी 19 अक्टूबर 2026 तक दर्शनार्थ खुली रहेगी। आयोजकों ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से झांकी में पहुंचकर देवियों के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने तथा आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!