सर्व हिंदू समाज की चुनरी यात्रा में शामिल हुए पूर्व विधायक लेखराम साहू
कहा,धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं

धमतरी : नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर धमतरी में सर्व हिंदू समाज की ओर से मां की चुनरी यात्रा निकाली गई. शनिवार को आयोजित इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना. मां विंध्यवासिनी के प्रति आस्था और भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु चुनरी लेकर यात्रा में शामिल हुए. कुरुद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने भी यात्रा में शामिल होकर मां का आशीर्वाद लिया.
चुनरी यात्रा की शुरुआत पुरानी मंडी से हुई. यहां से श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए दक्षिणमुखी श्री हनुमान मंदिर पहुंचे और फिर मां विंध्यवासिनी मंदिर के श्रीचरणों तक चुनरी यात्रा निकाली गई. यात्रा के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में चुनरी अर्पित कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, भक्ति और आस्था का प्रतीक है. मां दुर्गा की आराधना हमें शक्ति, सकारात्मकता और समाज के प्रति अपने दायित्वों का संदेश देती है. इस तरह के धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों में सभी की सहभागिता जरूरी है.
सर्व हिंदू समाज धमतरी की ओर से आयोजित इस चुनरी यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म की विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और मान्यताओं को एक मंच पर लाना तथा सामाजिक एकता का संदेश देना रहा. आयोजकों ने समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और मातृशक्ति से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की थी.नवरात्र के बीच निकली इस चुनरी यात्रा में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकजुटता की झलक पेश की.
