Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान:पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए डुबान क्षेत्र में केसीसी शिविर आयोजित

सात हितग्राहियों के 5.50 लाख रुपये के ऋण प्रकरण तैयार

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत धमतरी जिले के पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, पशुपालन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से आज ग्राम कोलियारी एवं अकलाडोंगरी सहित डुबान क्षेत्र में पशुपालन हेतु किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से पशुपालकों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने तथा पशुपालन संबंधी आवश्यकताओं के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई।
शिविर में पशुपालन के लिए ऋण प्राप्त करने के इच्छुक हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए। इस दौरान कुल सात हितग्राहियों के 5 लाख 50 हजार रुपये की राशि के ऋण प्रकरण तैयार किए गए। इस पहल से पशुपालकों को पशुओं के आहार, देखभाल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से पात्र पशुपालकों को उनकी कार्यशील पूंजी संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पशुपालन को लाभकारी आजीविका के रूप में विकसित करने, ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि करने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने में सहायता मिल सकती है।
जिले में पशुपालकों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने और ऋण संबंधी प्रक्रियाओं से जोड़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!