फैंसी ड्रेस में धीवर समाज के बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
आज नृत्य प्रतियोगिता के पश्चात 250 से अधिक बच्चों को पुरस्कार दिया जाएगा

नवरात्र पर्व की सप्तमी को आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में समाज के 35 बच्चों ने विभिन्न ऐतिहासिक एवं पौराणिक पात्रों के वेशभूषा में मंच पर अपनी सुंदर प्रस्तुति दिया। साथ ही अन्य समाज के बच्चों ने भी अपनी कलात्मक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
धीवर समाज धमतरी द्वारा दोनों नवरात्र पर्व के सभी दिनों में बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए कई तरह के ज्ञानवर्धक, संस्कार युक्त शैक्षणिक कार्यक्रम के अलावा शैक्षणिक एवं धार्मिक यात्राओं का आयोजन किया जाता हैं ।
धीवर समाज के महासंरक्षक परमेश्वर फूटान, संरक्षक होरीलाल मत्स्यपाल, अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद जगबेड़हा, सचिव सोहनलाल धीवर ने कहा इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को एक स्थायी मंच प्रदान किया जाता है। बच्चों को पहले से ही पता होता है कि कब कौन सा कार्यक्रम होगा इसलिए वे पहले से ही पूरे उत्साह के साथ अपनी तैयारी करते हैं एवं मंच पर बेझिझक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं । बच्चों की तैयारी में उनके माता पिता को भी मेहनत करना पड़ता है । अब तक हुए विभिन्न कार्यक्रमो में 250 से अधिक बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का निडर होकर प्रदर्शन किया है, आज को सायं 7 बजे धार्मिक एवं देशभक्ति पूर्ण गीतों पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। समस्त प्रतिभागी बच्चों को आज पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया जाएगा। इन समस्त कार्यक्रमों का सफल आयोजन करने वाले युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, सहकारिता प्रकोष्ठ, कर्मचारी प्रकोष्ठ, आईटी प्रकोष्ठ, व्यापारी प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों एवं समस्त कुटुंबजनों को बधाई देते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया गया ।
