नये शिक्षण सत्र के पहले दिन डीपीएस में तिलक लगाकर मुंह मीठा कराकर किया गया बच्चों का स्वागत
जिले के विभिन्न स्कूलो में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद छात्र-छात्राएं पहुंचे स्कूल

धमतरी। प्रदेश में आज से नये शिक्षण सत्र की शुरुआत हुई। इसके साथ ही आज ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बच्चे स्कूल पहुंचे। आज कई स्कूलो में शाला पहुंचने पर बच्चों का स्वागत हुआ। इसी कड़ी में देहली पब्लिक स्कूल सांकरा धमतरी में शाला पहुंचने पर प्रवेश द्वार पर साज सज्जा कर बच्चों का तिलक लगाकर मुंह मीठा कराकर स्वागत सम्मान किया गया। साथ ही आज स्कूल में विशेष पूजन व हवन का आयोजन भी किया गया जिसमें बच्चों ने सहभागिता सुनिश्चित की।
आज जिले भर के स्कूलो में बच्चों के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद प्रथम दिवस स्कूल आगमन पर शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। बच्चों का स्वागत सम्मान कर बेहतर शिक्षा ग्रहण करने प्रेरित किया गया। इसी कड़ी में देहली पब्लिक स्कूल सांकरा में भी विविध आयोजन हुए। सर्वप्रथम स्कूल की शिक्षिका द्वारा गीता पाठ कराया गया। मां सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। इसके पश्चात स्कूल के हिन्दी शिक्षक अजय नामदेव द्वारा विद्यार्थी जीवन विषय पर व्याख्यान दिया गया। जिसमें विद्यार्थी जीवन, अनुशासन, व अध्ययन संबंधित अनेक प्रसंगो से अवगत कराया गया। अंत में राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य डॉ नीतिन कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल चार दीवारी और किताबों का स्थान नहीं है, बल्कि यह वह मंदिर है जहाँ बच्चों के भविष्य की नींव रखी जाती है। यहाँ हम केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं सीखते, बल्कि अनुशासन, सहयोग, और अच्छे संस्कार भी सीखते हैं। शिक्षा हमारे जीवन का सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसे कोई हमसे छीन नहीं सकता। यह हमें सही और गलत का फर्क सिखाती है और हमारे सपनों को नई उड़ान देती है।

