बिजली बिल बढ़ोतरी का कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर व विधायक ओंकार साहू ने किया विरोध
कहा आम जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ, बढ़े हुए बिजली बिल से जनता परेशान, सरकार तत्काल राहत दे

धमतरी । कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने प्रदेश में बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई से पहले ही परेशान आम जनता पर अब बढ़े हुए बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों को इसका सीधा नुकसान होगा। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और सरकार से बिजली दर वृद्धि पर पुनर्विचार करने की मांग करती है। तारिणी चंद्राकर ने कहा कि जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस विधायक ओंकार साहू ने बिजली बिल बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर जनता महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती लागत से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में वृद्धि कर लोगों की परेशानी और बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। विधायक ओंकार साहू ने सरकार से बिजली दर वृद्धि को वापस लेने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और आम नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।


