भखारा में भव्य दशहरा आयोजन ने बांधा समां, देर रात तक उमड़ा जनसैलाब
रामलीला मंचन, रावण दहन और रंग-बिरंगी आतिशबाजी का क्षेत्रवासियों ने लिया आनंद, नागरिक चेतना समिति की व्यवस्थाओं की हुई सराहना

भखारा। विजयादशमी पर्व भखारा में इस वर्ष भी हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के रामलीला मैदान में आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। रामलीला मंचन, रावण वध और आकर्षक आतिशबाजी ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक दर्शक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध की लीला का सजीव मंचन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इसके पश्चात विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक इस परंपरागत आयोजन का आनंद लिया। इस वर्ष नगर पंचायत द्वारा दशहरा आयोजन की जिम्मेदारी नागरिक चेतना समिति को सौंपी गई थी। समिति के हरीश साहू, किशोर गौर एवं संतोष साहू ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया। विशेष प्रयास से भुवन निर्मलकर की टीम द्वारा आकर्षक रावण का पुतला तैयार किया गया। नगर पंचायत द्वारा मैदान में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया गया। वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त बल तैनात किया था।
भठेली की बस्ती पंचायत का आत्मीय स्वागत
दशहरा उत्सव के अवसर पर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए भठेली की बस्ती पंचायत नेकराम बंधु एवं टीम का आत्मीय स्वागत किया गया। हरख जैन एवं दिनेश साहू के नेतृत्व में बस्ती पंचायत के प्रतिनिधियों का स्वागत-सम्मान किया गया।
अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने दिया विजयादशमी का संदेश, अतिथियों ने भी किया संबोधित
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और सदाचार की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें जीवन में मर्यादा, संयम और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पलता रामगोपाल देवांगन, भरत नाहर विनोद साहू, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, रामायणी झम्मन पार्षद गण अन्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। आभार अभिषेक शिंदे ने किया।

