भव्यता के साथ मनाया गया विजयदशमी पर्व, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा एकलव्य खेल परिसर
नए स्थान पर पहली बार आयोजित रावण दहन कार्यक्रम को लेकर दर्शकों में दिखा भारी उत्साह, उमड़ा जनसैलाब
महापौर रामू रोहरा, विधायक ओंकार साहू, सभापति कौशिल्या देवांगन ने दी शुभकामनाएं
30 वर्षों से रामलीला की परंपरा निभा रही ग्राम अछोटा की मंडली को महापौर ने प्रदान की 51 हजार रुपये की राशि

धमतरी। विजयदशमी पर्व नगर पालिक निगम धमतरी के तत्वावधान में स्व. विष्णु हिरवानी (एकलव्य खेल परिसर) में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भगवान श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा और उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस वर्ष नए स्थान पर आयोजित विजयदशमी कार्यक्रम को लेकर नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक एकलव्य खेल परिसर पहुंचे। विधायक ओंकार साहू, सभापति कौशिल्या देवांगन ने पर्व की शुभकामनाएं दी।
महापौर रामू रोहरा ने दी विजयदशमी की शुभकामनाएं
इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा ने समस्त नगर एवं क्षेत्रवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयदशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, अन्याय और बुराइयों को समाप्त करने का संदेश देने वाला पर्व है। धमतरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत हैं।
30 वर्षों से रामलीला की परंपरा को जीवंत रख रही ग्राम अछोटा की मंडली
कार्यक्रम के दौरान महापौर रामू रोहरा ने ग्राम अछोटा की रामलीला मंडली को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। यह मंडली पिछले 30 वर्षों से निरंतर रामलीला का मंचन कर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। महापौर ने मंडली के सदस्यों के समर्पण एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन मूल्यों और भगवान श्रीराम के चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। तीन दशकों से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाना मंडली की आस्था और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का परिचायक है।
कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, नगर निगम के सभापति कौशिल्या देवांगन, निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, उपायुक्त पीसी सार्वा, दीपक सोनकर, मेघराज ठाकुर, राकेश चंदवानी, प्रथम रोहरा, हेमंत बंजारे, विजय ठाकुर, विभा चन्द्राकर, महेन्द्र खण्डेलवाल सहित एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, एल्डरमैन एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

