शरद पूर्णिमा की चांदनी में जबर्रा के जंगलों में सजेगी कैंपफायर की महफिल
युथ हॉस्टल द्वारा दो दिवसीय नाइट ट्रेक एवं कैंपिंग
धमतरी। जिले में पर्यटन विकास, प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की धमतरी यूनिट द्वारा जबर्रा के जंगलों में दो दिवसीय, एक रात्रि का नाइट ट्रेक एवं कैंपिंग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में प्रतिभागियों को प्रकृति के सानिध्य, जंगल के रोमांच, आदिवासी परिवेश एवं शरद पूर्णिमा की चांदनी रात का अनूठा अनुभव प्राप्त होगा।
यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की धमतरी यूनिट विगत 26 वर्षों से धमतरी जिले में पर्यावरण संरक्षण, पॉलिथीन के उपयोग के प्रति जागरूकता, साहसिक गतिविधियों एवं पर्यावरण संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को प्रकृति से जोड़ना, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा जिले के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाना है।
प्रशासन के पर्यटन विकास प्रयासों से प्रेरित
धमतरी जिले में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने एवं प्राकृतिक स्थलों को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नहाटा एवं वन मंडलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव द्वारा किए जा रहे प्रयासों से प्रेरित होकर युथ हॉस्टल साहसिक पर्यटन एवं प्रकृति आधारित गतिविधियों का विस्तार करना चाहती है।वन मंडलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव संस्था के संरक्षक भी हैं। उनके मार्गदर्शन एवं जिले में पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से प्रेरणा लेते हुए संस्था धमतरी के प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से पहचान दिलाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।संस्था का मानना है कि जिला प्रशासन, वन विभाग एवं सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों से धमतरी जिले की प्राकृतिक संपदा, वन क्षेत्रों, जलाशयों एवं स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन के नए अवसरों से जोड़ा जा सकता है। इसी सोच के साथ जबर्रा में इस विशेष ट्रेक एवं कैंपिंग कार्यक्रम की योजना बनाई गई है।
जंगल का रोमांच, आदिवासी परिवेश और शरद पूर्णिमा की चांदनी होंगे आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी जबर्रा के जंगलों में ट्रेकिंग करेंगे तथा रात्रि में कैंपिंग के माध्यम से प्राकृतिक वातावरण का अनुभव प्राप्त करेंगे। उन्हें स्थानीय आदिवासी परिवेश, ग्रामीण जीवनशैली, सांस्कृतिक परंपराओं एवं क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।इस आयोजन का विशेष आकर्षण शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में जंगल के बीच कैंपिंग, कैंपफायर एवं सामूहिक सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। खुले आसमान के नीचे साथियों के साथ समय बिताना, मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेना और प्रकृति के बीच रात गुजारना प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव बनेगा।
जिम्मेदार पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
धमतरी यूनिट का उद्देश्य केवल ट्रेकिंग और कैंपिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, स्वच्छता, स्थानीय संस्कृति के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाना है। संस्था भविष्य में भी जिले के विभिन्न प्राकृतिक स्थलों पर ट्रेकिंग, कैंपिंग, प्रकृति भ्रमण एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर धमतरी को साहसिक एवं प्रकृति पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए प्रयास करती रहेगी।युथ हॉस्टल एसोसिएशन के चेयरमैन हुक्मचंद जैन, सेक्रेटरी सुबोध महावर,एपीसी धनंजय सोनकर ने प्रकृति, रोमांच एवं साहसिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले युवाओं, परिवारों और ट्रेकिंग प्रेमियों से इस आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।