Uncategorized

केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश

धमतरी एआई मिशन, एआई संगवारी और प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी का शुभारंभ

107 आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने की पहल, महिलाओं को बाला किट वितरित

धमतरी- महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जिले में क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद श्रीमती चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरस्थ वनांचलों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना तथा लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने तथा क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों का समयबद्ध निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसका लाभ दिलाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

दूरस्थ क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में लाएं तेजी

सांसद ने विशेष रूप से विकासखंडों के अंदरूनी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र लोगों को नियमित लाभ सुनिश्चित करने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय से बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कुपोषण की स्थिति की समीक्षा करते हुए बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा। साथ ही आयुष्मान भारत एवं वय वंदना कार्ड की स्थिति की जानकारी लेकर पात्र हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

किसानों को समय पर मिले मृदा परीक्षण रिपोर्ट

सांसद श्रीमती चौधरी ने जिले में कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए रागी की खेती को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर फसलों के लिए आवश्यक खाद एवं अन्य कृषि आदानों की अनुशंसा समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण के बाद किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से लिखित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे मिट्टी की गुणवत्ता के अनुरूप खेती कर सकें। इससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, दीनदयाल अंत्योदय आजीविका मिशन, कौशल विकास, शिक्षा, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति से सांसद को अवगत कराया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय गतिविधियों, नवाचारों और योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी।

धमतरी एआई मिशन सहित चार जनकल्याणकारी पहलों का शुभारंभ

बैठक के दौरान सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने जिले में नवाचार और जनसेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘धमतरी एआई मिशन’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही अस्पताल में मरीजों को चिकित्सक तक पहुंचने से पहले ओपीडी संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘एआई संगवारी’ पहल की शुरुआत की गई। महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी’ का शुभारंभ भी किया गया।

महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धमतरी एवं वीबी-जी राम जी योजना के अभिसरण से 100 संकुलों में महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों के लिए बकरी पालन को प्रोत्साहित करने वाली परियोजना भी प्रारंभ की गई। इसके तहत ऊंचे फर्श एवं सौर ऊर्जा सुविधा से युक्त बकरी शेड बनाए जाएंगे। यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

107 आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी, महिलाओं को बाला किट वितरित

कार्यक्रम में राइस मिलर्स एसोसिएशन, खनिज एसोसिएशन एवं किशन गोपाल महावर सेवा ट्रस्ट के सहयोग से जिले की 107 आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने की पहल के तहत सांसद श्रीमती चौधरी ने प्रतीकात्मक रूप से 10 स्मार्ट टीवी वितरित किए। इससे आंगनबाड़ियों में बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं तकनीक आधारित बनाने में सहायता मिलेगी।
इसी प्रकार जिले की 30 हजार महिलाओं को स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं पुनः उपयोग योग्य सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने के कार्यक्रम के अंतर्गत 10 महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से निःशुल्क सैनिटरी पैड की बाला किट प्रदान की गई। सांसद ने शिक्षा विभाग द्वारा तैयार पुस्तक ‘मैं भी नागरिक’ का विमोचन भी किया। उन्होंने इन जनकल्याणकारी पहलों में सहयोग देने के लिए संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शाल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया और सामाजिक विकास में उनकी सहभागिता की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि दिशा समिति को केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, समन्वय एवं निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। समिति के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर विकास कार्यों को गति देने तथा उनके लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।
बैठक में धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक श्रीमती अम्बिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर श्री रामू रोहरा, विभिन्न जनपद पंचायत,नगर पंचायतों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!