गुरुनानक जयंती पर पूज्य सिंधी पंचायत पहुंचे भाजपा के जनप्रतिनिधि
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, समानता और भाईचारे का देती हैं संदेश – रंजना साहू

सिंधी समाज का संघर्ष, त्याग और समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत-पंडित राजेश शर्मा
धमतरी। गुरुनानक जयंती के पावन एवं पुण्य अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं धर्मप्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि पूज्य सिंधी पंचायत धर्मशाला पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने समाजजनों से आत्मीय मुलाकात कर गुरुनानक जयंती की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सिंधी समाज के अध्यक्ष चंदू जसवानी सहित समस्त पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने शाल पहनाकर जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से प्रेम, समानता, सेवा, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। गुरुनानक जयंती हमें मानवता के मार्ग पर चलने तथा समाज में आपसी प्रेम और समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देती है।वहीं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं धर्मप्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा ने अपने उद्बोधन में सिंधी समाज के गौरवशाली संघर्षपूर्ण इतिहास, त्याग, समर्पण और उन्नति की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंधी समाज का इतिहास संघर्ष, साहस, परिश्रम और आत्मसम्मान की प्रेरणादायक गाथा है। समाज ने विस्थापन और विपरीत परिस्थितियों की अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी मेहनत, व्यापारिक कौशल, संस्कारों और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर न केवल अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, बल्कि देश और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि सिंधी समाज ने अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को सहेजते हुए जिस तरह सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग, सेवा भावना और परिश्रम ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे समाज से नई पीढ़ी को संघर्षों से आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।पंडित राजेश शर्मा ने गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, समानता, मानवता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सद्भावना, परस्पर सम्मान और एकता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। जरूरतमंदों की सेवा और सभी को समान दृष्टि से देखना ही उनकी शिक्षाओं का वास्तविक अनुसरण है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर आयोजित प्रसादी लंगर में सहभागिता निभाई तथा समाजजनों के साथ बैठकर गुरुनानक प्रसादी ग्रहण की। उन्होंने लंगर की परंपरा को सेवा, समानता और मानवता का अनुपम उदाहरण बताते हुए पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित इस पुनीत आयोजन की सराहना की।कार्यक्रम में सिंधी समाज के अध्यक्ष चंदू जसवानी सहित समस्त पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री पार्वती वाधवानी, नगर निगम सभोपति कौशल्या देवांगन जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, नरेंद्र रोहरा विजय मोटवानी विनय जैन, गौरव मगर, र्जिला पंचायत सदस्य खूबलाल ध्रुव, भाजपा शहर महामंत्री राजू चंद्राकर, भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष पूजा कुंजाम रितिका यादव, अनीता सोनकर जागेश्वरी साहू, नंदू लोधी, शैलेश रजक, सूरज शर्मा, आशा नंदू लोधी, नीतू, विशाल त्रिवेदी, आकाश, विभा चंद्राकर, चन्द्रभागा साहू, सीमा चौबे, शुभम रिकी गंगवानी एवं आकाश भोजवाणी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अंत में दोनों जनप्रतिनिधियों ने पूज्य सिंधी समाज सहित समस्त समाजजनों एवं धमतरी नगरवासियों को गुरुनानक जयंती की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।