Uncategorized

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों की दी गई विस्तृत जानकारी

एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को मिल रही नई गति - 300 छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव और सुरक्षित यातायात के बताए गए महत्वपूर्ण उपाय

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिलेभर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
इसी क्रम में धमतरी पुलिस की यातायात शाखा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा यातायात नियमों के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। इसमें फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी निवेश योजनाओं तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी एवं पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
साथ ही बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर समय गंवाए बिना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी अपनी शिकायत प्रस्तुत करें। समय पर की गई शिकायत से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
यातायात पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा शराब अथवा1930 किसी भी नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
इसके अतिरिक्त रांग साइड वाहन चलाने, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी बैठाने एवं यातायात संकेतों की अनदेखी करने से होने वाले संभावित गंभीर हादसों के बारे में भी बताया गया।
विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाया गया कि यातायात नियम केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। उन्हें अपने परिवारजनों एवं परिचितों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से आम नागरिकों के बीच सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने, पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
धमतरी पुलिस का मानना है कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम का एक प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा के प्राचार्य, यातायात प्रभारी उनि. खेमराज साहू, शिक्षकगण, यातायात पुलिस स्टाफ सहित लगभग 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!