Uncategorized

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में पहल, धमतरी में कल होगा उद्यमिता विकास कार्यशाला का आयोजन

एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर एंटरप्रेन्योरशिप द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला में महिलाओं को कौशल, तकनीक, नवाचार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर होगा विशेष फोकस

धमतरी- महिलाओं को तकनीकी कौशल, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से 25 नवंबर को धमतरी में एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) कार्यशाला का( वन – डे एंट्रेंप्रेनेरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम वर्कशॉप ) आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग के अंतर्गत संचालित पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है।
कार्यशाला का आयोजन सुबह 9 बजे बीआरपी पॉलिटेक्निक कॉलेज, धमतरी में होगा। इसका संचालन एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर एंटरप्रेन्योरशिप द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम की थीम ‘कौशल, प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण’ रखी गई है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में आईआईएम रायपुर के निदेशक, एनआईटी रायपुर के निदेशक, प्रतिष्ठित प्राध्यापक, उद्योगपति, उद्यमी तथा युवा नेतृत्वकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को उद्यम स्थापना, व्यवसाय प्रबंधन, तकनीकी संसाधनों के उपयोग, नवाचार तथा स्वरोजगार की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा।कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की उद्यमशीलता क्षमता का विकास करना, उन्हें आजीविका के नए अवसरों से परिचित कराना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक कौशल और व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, नवाचार और व्यावसायिक मार्गदर्शन का उपयोग कर वे स्वयं का उद्यम स्थापित करने की दिशा में कैसे आगे बढ़ सकती हैं।
यह पहल महिलाओं को पारंपरिक आजीविका के साथ-साथ आधुनिक तकनीक आधारित व्यवसायों से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
आयोजकों ने जिले की इच्छुक महिलाओं, युवाओं एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों से कार्यशाला में शामिल होकर विशेषज्ञों के अनुभवों का लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है। कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए इंजीनियर हिमांशु चौरसिया के मोबाइल नंबर 7009011058 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!