नगरी विवाद एवं झड़प मामले में धमतरी पुलिस की कार्यवाही: आरक्षक से मारपीट पर एफआईआर दर्ज, पुलिस निरीक्षक के विरुद्ध शिकायत की जांच प्रारंभ
रविवार को नगरी क्षेत्र में हिंदू जागरण मंच के सदस्यों द्वारा एक कथित प्रार्थना सभा एवं उसमें शामिल लोगों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है तथा प्रकरण की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
वहीं, घटना के दौरान एक पुलिस निरीक्षक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने संबंधी शिकायत भी पुलिस विभाग के संज्ञान में आई है। उक्त शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच में प्राप्त तथ्यों एवं प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्यवाही की जाएगी.
