देश

भाजपा नेताओं के घर घेरेगी टीएमसी, कोलकाता से दिल्ली तक आंदोलन का किया ऐलान…

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार सत्ता में वापस लौटती है तो भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।

वहीं, ममता ने विपक्ष के संयुक्त गठबंधन में शामिल होने को लेकर कहा कि उन्हें कोई पद नहीं चाहिए। वह बस इतना चाहती हैं कि भाजपा के शासन का अंत हो।

ममता बनर्जी पश्विम बंगाल में टीएमसी के वार्षिक शहीद दिवस कार्यक्रम के मौके पर कोलकाता में बोल रही थीं।

पूछा-मणिपुर में केंद्रीय टीम क्यों नहीं
इस दौरान ममता बनर्जी ने मणिपुर को लेकर भी सवाल उठाए। ममता ने कहा कि भाजपा ने बंगाल में कई टीमें भेजीं, लेकिन मणिपुर के लिए कोई भी केंद्रीय टीम नहीं भेजी गई।

उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी से पूछना चाहती हूं कि मणिपुर की घटना से आपको जरा सा भी दुख हुआ या नहीं? आप पश्चिम बंगाल की तरफ उंगली उठाते हैं, लेकिन क्या आपको माताओं-बहनों से प्यार नहीं है।

आखिर कब तक लड़कियां जलाई जाती रहेंगी? कब तक दलितों और अल्पसंख्यकों की हत्या होती रहेगी? पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि हम मणिपुर को छोड़ेंगे नहीं, उत्तर पूर्व की बहनें हमारी भी बहनें हैं।

‘बेटी बचाओ’ का क्या हुआ?
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आपने बेटी बचाओ का नारा दिया। आपका नारा कहां है आज? उन्होंने कहा कि हमारी पूरी सहानुभूति मणिपुर के लोगों के साथ है। ममता ने आगे कहा कि आज मणिपुर जल रहा है।

पूरा देश जल रहा है। बिल्किस बानो केस में आरोपियों को जेल से छोड़ दिया गया। महिला पहलवानों के मामले में बृज भूषण सिंह को भी बेल मिल गई। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं आने वाले चुनाव में आपको देश की राजनीति से उखाड़ फेंकेंगी।

अभिषेक बनर्जी का ऐलान
इस दौरान ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने पांच अगस्त को भाजपा नेताओं के घरों के घेरने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस दिन हम सभी भाजपा नेताओं के घरों को शांतिपूर्ण ढंग से घेरेंगे।

इसके अलावा अभिषेक ने दो अक्टूबर को दिल्ली जाने का भी ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि अपने नेता ममता बनर्जी के आदेश से मैं एक घोषणा करता हूं। भाजपा बंगाल के फंड्स को रोक रही है। इसके विरोध में हम दो अक्टूबर, गांधी जयंती के मौके पर दिल्ली जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!