वकालत केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज में न्याय और नैतिकता की रीढ़ है – अजय चन्द्राकर
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में एडीजे कोर्ट का विधिवत शुभारंभ

कुरुद. विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय एडीजे कोर्ट का विधिवत शुभारंभ हुआ। अधिवक्ता संघ कुरूद द्वारा विधायक का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जहां कानूनी जगत के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने विधायक का स्वागत किया। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा वकालत केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज में न्याय और नैतिकता की रीढ़ है। संविधान निर्माताओं की तरह ही हर अधिवक्ता समाज में सत्य, समानता और न्याय का प्रहरी है। उन्होंने संविधान सभा में वकीलों की भूमिका, न्यायपालिका की पंथ-निरपेक्षता और वर्तमान संदर्भ में विधि क्षेत्र की जिम्मेदारियों पर प्रेरणादायक चर्चा की। साथ ही उन्होंने कहा कि कुरूद जैसे छोटे क्षेत्र में बीए एलएलबी कोर्स की उपलब्धता यहां के युवाओं के लिए न्यायिक क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार खोलेगी। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एलके द्विवेदी, बीडी साहू, नरेंद्र साहू, एसपी लाबा, रमेश सिंहा, एमएल भारद्वाज, मोहेंद्र चंद्राकर, योगेंद्र साहू, युजवेंद्र साहू, श्याम शंकर चंद्राकर, ममता सोनकर सहित मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, डॉ. लोकेश साहू, रवि सिंहा, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के संरक्षक एलपी गोस्वामी, उपाध्यक्ष नरेश डिंगरे, सचिव यशवंत साहू सहित समस्त अधिवक्ता समुदाय ने विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने कुरूद को एडीजे कोर्ट का दर्जा दिलाकर न्याय की पहुंच जनता तक आसान की।

