विधायक अजय चंद्राकर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह पूर्वक सुनी प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात

कुरुद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 127वें एपिसोड का रविवार को कुरूद विधायक कार्यालय में सामूहिक श्रवण किया गया। पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह और गहन एकाग्रता के साथ प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना। प्रधानमंत्री के हर शब्द में राष्ट्रभाव, आत्मनिर्भरता और जनसेवा की गूंज सुनाई दी। उनके उद्बोधन ने कार्यकर्ताओं के भीतर नया जोश, नई सोच और राष्ट्रहित में समर्पण की भावना भर दी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशभर में चल रहे विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों पर बल दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर नगर निगम की पहल प्लास्टिक कचरा लाओ, भरपेट भोजन खाओ को जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण का आदर्श उदाहरण बताया। कुरूद नगर के वार्ड क्रमांक 13 में नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने वार्डवासियों के साथ मन की बात का सामूहिक श्रवण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक मार्गदर्शन में विष्णु के सुशासन और अजय के विकास रथ को हम सब मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं। वार्डवासियों ने प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करते हुए जनसेवा के संकल्प को और मजबूत किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत के नेतृत्व में मन की बात का श्रवण कार्यक्रम हुआ, जहां ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के विचारों को नवऊर्जा और नई प्रेरणा के रूप में ग्रहण किया।