विश्व हिंदू परिषद की प्रांत बैठक संपन्न, धमतरी से प्रिंस जैन बने जिला मंत्री

धमतरी। महासमुंद में विश्व हिंदू परिषद की प्रांत स्तरीय बैठक का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, हिंदू समाज के हित में चल रहे कार्यों तथा प्रांत स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में धमतरी जिले के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता प्रिंस जैन को विश्व हिंदू परिषद धमतरी का जिला मंत्री नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि प्रिंस जैन लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। प्रिंस जैन इसके पहले भी संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद में नगर मंत्री, जिला सहसंयोजक तथा प्रांत सुरक्षा प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके अनुभव, कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में उपस्थित क्षेत्र संगठन मंत्री जितेंद्र पवार, प्रांत अध्यक्ष संतोष गोलछा प्रांत मंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा ने प्रिंस जैन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी। प्रिंस जैन ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें मिली जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाएंगे। इस अवसर पर धर्म सेना के पूर्व प्रदेश संयोजक सुबोध राठी विहिप पूर्व जिला मंत्री हेमराज सोनी पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप अग्रवाल पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
