निश्चय कार्यक्रम के तहत जिला जेल मे युवा बंदियों हेतु दो दिवसीय योग शिविर का आयोजन

जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा युवा बंदियों के पुनर्वास की अभिनव पहल निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत जिला जेल धमतरी में 21 फरवरी से दो दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के एन.डी.पी.एस. एवं अन्य प्रकरणों में निरुद्ध बंदियों के लिए नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता घटक के तहत आयोजित किया गया।
शिविर में बंदियों को योग, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों द्वारा बंदियों को आत्मनियंत्रण, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, साथ ही उन्हें पुनः अपराध की प्रवृत्ति से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, नशे की प्रवृत्ति में कमी लाना तथा उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जेल प्रशासन का दायित्व केवल कारावास तक सीमित न होकर बंदियों के सुधार, पुनर्वास एवं समाज में पुनःस्थापना सुनिश्चित करना भी है।यह योजना जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है तथा हिमांशु गुप्ता, महानिदेशक, जेल के निर्देशन एवं प्रेरणा से प्रदेशभर में निरंतर क्रियान्वित की जा रही है।जिला जेल धमतरी द्वारा सुधारात्मक गतिविधियों के माध्यम से बंदियों के सर्वांगीण विकास एवं सकारात्मक पुनर्वास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।